सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,23 मार्च। संजय पार्क में 15 हिरणों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले को लेकर युवा कांग्रेस ने वन विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जिलाध्यक्ष विकल झा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने वनमंडलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि 20 और 21 मार्च की दरम्यानी रात संजय पार्क के सुरक्षित बाड़े में आवारा कुत्तों के हमले से 31 में से 15 हिरणों की मौत हो गई। इस घटना को लेकर पार्क की सुरक्षा व्यवस्था और वन विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही पर सवाल उठाए गए हैं।
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष विकल झा ने कहा कि मामले में छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई कर बड़े अधिकारियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि 7 दिनों के भीतर वास्तविक दोषियों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने पर युवा कांग्रेस आंदोलन और घेराव के लिए बाध्य होगी। इस दौरान सतीश बारी, उत्तम राजवाड़े, आशीष जायसवाल, जवाहरलाल सोनी, नीरू बाबर, अंकित जायसवाल, शिवराज सिंह, नवनीत सिंह, सतीश सिंह, आकाश यादव, संजर नवाज, कान्हा पटेल, आयुष सोनी और आकाश जायसवाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।