सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 23 मार्च। संजय पार्क रेस्क्यू सेंटर में आवारा कुत्तों के हमले से करीब 15 हिरणों की हुई मौत को लेकर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव परवेज़ आलम गांधी ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक बताते हुए इसे वन्यजीव सुरक्षा में गंभीर लापरवाही और प्रशासनिक विफलता का उदाहरण बताया है।
परवेज़ आलम गांधी ने कहा कि रेस्क्यू सेंटर जैसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान पर इस तरह की घटना कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने पूछा कि क्या सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जा रही थी और यदि हां, तो इस घटना को रोका क्यों नहीं जा सका। उन्होंने इसे वन्यजीव संरक्षण के प्रति उदासीनता का प्रतीक बताया।
उन्होंने राज्य सरकार और वन विभाग से मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा सभी रेस्क्यू सेंटरों और वन्यजीव संरक्षण स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की तत्काल समीक्षा कर उसे मजबूत करने की बात कही है। परवेज़ गांधी ने कहा कि वन्यजीव पर्यावरण और जैव विविधता का अहम हिस्सा हैं, जिनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इस गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई कर दोषियों को दंडित करेगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाएगी।