सरगुजा

हर्षोल्लास से मनाई ईद, अमन-चैन व खुशहाली के लिए मांगी दुआ
21-Mar-2026 10:38 PM
हर्षोल्लास से मनाई ईद, अमन-चैन व खुशहाली के लिए मांगी दुआ

छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 21 मार्च। पवित्र रमजान माह के समापन पर शनिवार को ईद-उल-फितर का पर्व अंबिकापुर शहर सहित संभाग भर में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह 9 बजे ईदगाह में जामा मस्जिद, अंबिकापुर के पेशइमाम असीमुद्दीन कारी साहब ने ईद की नमाज अदा कराई। नमाज के बाद देश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए विशेष दुआएं मांगी गई।

 नमाज के दौरान बड़ी संख्या में नमाजियों की उपस्थिति को देखते हुए अंजुमन कमेटी द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए थे। गर्मी को ध्यान में रखते हुए टेंट-पंडाल और पेयजल की व्यवस्था भी की गई थी। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा भी सुरक्षा व्यवस्था में पूरा सहयोग दिया गया।

रमजान माह के दौरान पूरे एक महीने तक रोजा, इबादत और तरावीह की नमाज का सिलसिला चलता रहा। शहर की विभिन्न मस्जिदों में रोजाना इफ्तार का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के लोगों ने बढ़-चढक़र भाग लिया।

नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और घर-घर जाकर सेवई व मिठाइयों का आनंद लिया। इस मौके पर नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सफी अहमद,अंजुमन कमेटी के सदर इरफान सिद्दीकी सहित जावेद खान, रिजवान सिद्दीकी, परवेज आलम गांधी, अनिक खान, सिकंदर खान, याकूब खान, गुलाम हैदर, शकील अंसारी, रियाज अंसारी सहित अनेक सदस्य सक्रिय रहे। समाज के लोगों ने इस पर्व को आपसी भाईचारे, सौहार्द और एकता के संदेश के रूप में मनाया।

निगम नेता प्रतिपक्ष  ने आयोजित किया ईद मिलन समारोह

ईद-उल-फितर का पर्व पर नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सफी अहमद के द्वारा ईद मिलन समारोह का आयोजन इन्द्रवाटिका में किया गया था. इस ईद मिलन समारोह में पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव सहित भारी संख्या में नगरवासी पहुंचे थे. सभी ने एक दूसरे को गले मिलकर ईद की बधाई दी।

 


अन्य पोस्ट