सरगुजा

दोपहिया चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार, 6 गाड़ी बरामद
21-Mar-2026 10:31 PM
दोपहिया चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार, 6 गाड़ी बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 21 मार्च। सरगुजा पुलिस ने दोपहिया चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 6 दोपहिया वाहनों को जब्त किया है, जिनकी कुल कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई जा रही है।

मामले की जानकारी के अनुसार, मायापुर निवासी एक महिला ने थाना कोतवाली में अपनी स्कूटी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इस दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम चंदन गुप्ता और जीवन कैलाश उर्फ बुट बताया। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने शहर और आसपास के क्षेत्रों से स्कूटी और मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 2 स्कूटी और 4 मोटरसाइकिल बरामद की।

पुलिस के अनुसार, आरोपी चंदन गुप्ता के खिलाफ पहले से भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिले में वाहन चोरी के मामलों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।-


अन्य पोस्ट