सरगुजा

हर्षोल्लास से मनी ईद, अमन-चैन की मांगी दुआ
21-Mar-2026 10:27 PM
हर्षोल्लास से मनी ईद, अमन-चैन की मांगी दुआ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर, 21 मार्च। क्षेत्र में ईद-उल-फितर का पर्व शनिवार को हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह करीब 9 बजे मुस्लिम समाज के लोग ईदगाह पहुंचे, जहां जामा मस्जिद के इमाम खालिदुल कादरी ने ईद की नमाज अदा कराई। नमाज के बाद देश में अमन-चैन, सुख-समृद्धि और भाईचारे के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं।

इससे पूर्व रमजान माह के अंतिम रोजे पर शुक्रवार शाम जामा मस्जिद में इफ्तार का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। अंजुमन गौसिया कमेटी द्वारा ईदगाह में नमाज के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं, वहीं सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल भी तैनात रहा।

ईद के दिन मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नई पोशाक पहनकर नमाज अदा की और एक-दूसरे से गले मिलकर मुबारकबाद दी। दिनभर लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर सेवई और मिठाइयों का आनंद लिया। इस अवसर पर लोग जूनाडीह स्थित जामाशाह रहमतुल्लाह अलैह की दरगाह एवं कब्रिस्तान पहुंचकर फातेहा भी पढ़े।

कार्यक्रम में अंजुमन गौसिया कमेटी के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग, बुजुर्ग और बच्चे उपस्थित रहे। पूरे क्षेत्र में सौहार्द और उत्सव का माहौल देखने को मिला।


अन्य पोस्ट