सरगुजा
खुशहाली-अमन चैन की दुआ मांगी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 20 मार्च। मुस्लिम समाज के पवित्र माह रमजान के अवसर पर अंतिम शुक्रवार को अलविदा जुमा की नमाज अकीदत के साथ आता की गई। अलविदा जुमा की नमाज को लेकर समाज के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
शुक्रवार को शहर सहित संभाग की सभी मस्जिदों में अलविदा जुमा की नमाज पढ़ी गई व समाज के लोगों ने अमन चैन व खुशहाली की दुआ मांगी। इसके साथ ही शनिवार को ईद उल फितर की नमाज पढ़ी जाएगी।
ज्ञात हो कि मुस्लिम समाज के पवित्र माह रमजान का महीना चल रहा है। इस एक माह तक समाज बच्चे, बड़े व बुजुर्ग रोजा रखने के साथ ही इबादत में लीन है। रमजान के मौके पर मस्जिदों में तरावीह की नमाज पढ़ी गई जबकि जगह जगह दावते इफ्तार का आयोजन किया गया। रमजान के मौके पर मस्जिदों में भी प्रतिदिन इफ्तार का आयोजन किया जा रहा है।
मुस्लिम समाज के इबादत का महीना अब समाप्त होने से पहले अंतिम शुक्रवार को आज अलविदा जुमा के रूप में मनाया गया। अलविदा जुमा के मौके पर समाज के लोग नए व साफ सुथरे कपड़े पहनकर मस्जिदों में पहुंचे थे जहां अलविदा जुमा की दो रकत नमाज अता की गई।
इस दौरान शहर के जामा मस्जिद में मुफ्ती अबरार अहमद मिस्बाही ने अलविदा जुमा की नमाज पढ़ाई। इसके साथ ही रसूलपुर नाजमिया मस्जिद में मौलाना सगीर अहमद मिस्बाही ने अलविदा जुमा की नमाज पढ़ाई। इस दौरान मस्जिदों में नमाज पढऩे वाले नमाजियों की भीड़ को देखते कमेटियों द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए थे। गर्मी के मौसम में धूप से बचाव के लिए टेंट पंडाल की व्यवस्था की गई थी। नमाज उपरांत समाज के लोगों ने अपने व परिवार की खुशहाली, देश में अमन चैन की दुआ मांगी।
जामा मस्जिद में नमाज पढऩे के दौरान कमेटी के इरफान सिद्दीकी, परवेज आलम गांधी,अफजाल अंसारी, अब्दुल लतीफ, मिन्हाजुल खान, पिक्कू खान, रिजवान सिद्दीकी, बाबू भाई, अमीर अंसारी, याकूब खान, नान बाबा, गुड्डन अंसारी, रियाज अंसारी, सिकंदर खान, इमरान सिद्दीकी सहित अन्य मौजूद थे।