सरगुजा

म्यूल अकाउंट के जरिए साइबर ठगी का नेटवर्क उजागर, 3 आरोपी गिरफ्तार
20-Mar-2026 10:47 PM
म्यूल अकाउंट के जरिए साइबर ठगी का नेटवर्क उजागर, 3 आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 20 मार्च। सरगुजा जिले में साइबर ठगी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल और नगदी बरामद की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना गांधीनगर क्षेत्र में युवाओं को लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाने और एटीएम कार्ड व सिम हासिल कर उन्हें साइबर ठगी में उपयोग करने की सूचना मिली थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

मुखबिर की सूचना पर एसबीआई शाखा बनारस रोड स्थित एक मकान में दबिश दी गई, जहां आरोपी राहुल गुप्ता को पकड़ा गया। उसके पास से 101 पासबुक, 35 एटीएम कार्ड, 28 चेकबुक, 3 मोबाइल, 3 सिम कार्ड तथा 1 लाख 36 हजार रुपये नगद बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि इन खातों का उपयोग ऑनलाइन फ्रॉड की रकम ट्रांसफर करने के लिए किया जा रहा था।

पूछताछ में राहुल गुप्ता ने अपने साथियों विकास किर्तनिया और आशुतोष शर्मा के साथ मिलकर यह अपराध करना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपी युवाओं को कमीशन का लालच देकर उनके बैंक खाते और एटीएम हासिल करते थे और उन्हें साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।


अन्य पोस्ट