सरगुजा

अंबिकापुर में 6 साल बाद शुरू हुआ फॉगिंग अभियान, मच्छरों से बचाव को निगम की पहल
20-Mar-2026 3:32 PM
अंबिकापुर में 6 साल बाद शुरू हुआ फॉगिंग अभियान, मच्छरों से बचाव को निगम की पहल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,20 मार्च। नगर निगम क्षेत्र में करीब छह वर्षों के अंतराल के बाद मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग अभियान की शुरुआत की गई है। महापौर मंजूषा भगत एवं सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी की पहल पर यह कार्य शुरू किया गया, जिससे शहरवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

नगर निगम द्वारा फॉगिंग कार्य के लिए तीन बड़ी मशीनें मंगाई गई हैं, वहीं मच्छर रोधी दवा डेल्टामेथ्रिन 1.25 यूएलवी की भी खरीद की गई है। निगम प्रशासन ने शहर को चार जोन में विभाजित कर प्रत्येक दिन अलग-अलग वार्डों में संध्या समय फॉगिंग कराने की योजना बनाई है।

महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि पिछले कार्यकाल में शहर में न तो दवा का छिडक़ाव हुआ और न ही फॉगिंग कराई गई। वर्तमान में जनादेश मिलने के बाद निगम टीम ने मच्छरों से बचाव के लिए यह अभियान शुरू किया है, जो लगातार जारी रहेगा।

स्वच्छता प्रभारी ममता तिवारी ने बताया कि लंबे समय से फॉगिंग नहीं होने के कारण मच्छरों की समस्या बढ़ गई थी।

 अब नियमित रूप से फॉगिंग के साथ नालियों में दवा छिडक़ाव की भी व्यवस्था की जा रही है। स्वच्छता के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अभियान की शुरुआत वार्ड क्रमांक 4 स्थित अटल आवास से की गई। इस दौरान निगम के एमआईसी सदस्य, पार्षद, स्वास्थ्य अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। फॉगिंग शुरू होने पर वार्डवासियों ने खुशी जताते हुए निगम की पहल का स्वागत किया है।


अन्य पोस्ट