सरगुजा
गौरव युवा समाज की पहल, जागरूकता और सुरक्षा पर दिया गया संदेश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,20 मार्च। जनजाति गौरव युवा समाज के तत्वावधान में शहर के जेसीएम सिनेमा हॉल में ‘द केरला स्टोरी 2’ के विशेष प्रदर्शन को लेकर जनजातीय समाज में व्यापक उत्साह देखने को मिला। दो चरणों में आयोजित इस आयोजन में 1300 से अधिक जनजातीय भाई-बहन, माताएं एवं युवतियां शामिल हुईं।
कार्यक्रम के दौरान सिनेमा हॉल में दर्शकों की भारी भीड़ रही। समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता ने आयोजन को खास बना दिया। इस अवसर पर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष इन्दर भगत ने कहा कि बहनों और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और जागरूकता समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने वर्तमान परिस्थितियों में सजगता और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।
फिल्म देखने आई महिलाओं और युवतियों ने कहा कि ऐसी फिल्में समाज में जागरूकता फैलाने के साथ ही महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सचेत करती हैं। उन्होंने फिल्म को प्रेरणादायक बताते हुए इसके सकारात्मक संदेश की सराहना की।
प्रदर्शन के उपरांत दर्शकों ने फिल्म की जमकर प्रशंसा की और इसे वर्तमान समय की जरूरत बताया। आयोजन में संगठन के जिला अध्यक्ष पावन पूर्णाहुति भगत, जिला उपाध्यक्ष सचिन भगत, सोनिया मुंडा एवं जिला सचिव रामबिहारी सिंह पैकरा सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में समाज के लोगों की सहभागिता देखने को मिली।