सरगुजा

मैनपाट में ओलावृष्टि, सडक़ों-खेतों पर बिछी सफेद चादर, किसानों की बढ़ी चिंता
18-Mar-2026 10:10 PM
मैनपाट में ओलावृष्टि, सडक़ों-खेतों पर बिछी सफेद चादर, किसानों की बढ़ी चिंता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 18 मार्च। सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र में मंगलवार रात तेज बारिश के साथ जमकर ओलावृष्टि हुई। करीब 20 मिनट तक गिरे ओलों से सडक़ें और खेत सफेद चादर से ढंक गए। मैनपाट के अलावा सीतापुर और आसपास के क्षेत्रों में भी छिटपुट ओले गिरने के साथ बारिश दर्ज की गई।

पिछले दो दिनों से सरगुजा संभाग में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और कई स्थानों पर रुक-रुक कर बारिश हो रही है। सोमवार को सूरजपुर और उदयपुर क्षेत्र में अच्छी बारिश हुई थी, वहीं बलरामपुर के कुछ इलाकों में भी वर्षा दर्ज की गई। मंगलवार को दिनभर हल्की बारिश के बाद देर रात मैनपाट में अचानक तेज हवाओं के साथ मौसम बिगड़ा और ओलावृष्टि शुरू हो गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार रात करीब 10.45 बजे शुरू हुई ओलावृष्टि ने देखते ही देखते पूरे इलाके को सफेद कर दिया। हालांकि देर रात होने के कारण अधिकांश लोग घरों में ही रहे।

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक सरगुजा संभाग में मौसम खराब रहने का अनुमान जताया है। विभाग के अनुसार इस दौरान बादल छाए रहेंगे, अधिकांश स्थानों पर बारिश होगी और कुछ क्षेत्रों में ओले गिरने की भी संभावना है। इधर, असमय हुई बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की चिंता बढ़ गई है। नवंबर के बाद पहली बार क्षेत्र में बारिश दर्ज की गई है। जिन क्षेत्रों में ओले गिरे हैं, वहां आम, लीची और महुआ की फसल को भारी नुकसान हुआ है। आम के पेड़ों में बौर आने के साथ अंबिया लग रही थी, वहीं महुआ गिरने का समय शुरू हो चुका है। इसके अलावा टमाटर की फसल को भी ओलों से नुकसान पहुंचने की आशंका है।


अन्य पोस्ट