सरगुजा

अंबिकापुर में स्ट्रीट लाइटिंग कार्यों का लोकार्पण, शहर की सडक़ों पर बढ़ी रोशनी
18-Mar-2026 10:06 PM
अंबिकापुर में स्ट्रीट लाइटिंग कार्यों का लोकार्पण, शहर की सडक़ों पर बढ़ी रोशनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 18 मार्च। शहर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के तहत स्ट्रीट लाइटिंग एवं विद्युत स्तंभ स्थापना के विभिन्न कार्यों का लोकार्पण जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, जिला पंचायत सदस्य दिव्या सिसोदिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

साईं मंदिर एवं चांदनी चौक स्थित टाइमर बॉक्स से बटन दबाकर स्ट्रीट लाइटिंग कार्यों का लोकार्पण किया गया। इस दौरान वार्डवासियों ने सडक़ों पर जगमगाती रोशनी देखकर खुशी जाहिर की। साथ ही चांदनी चौक से घुटरापारा रोड तक पूर्ण हुए स्ट्रीट लाइटिंग कार्य का भी लोकार्पण किया गया।

नगर निगम द्वारा 15वें वित्त आयोग योजना के तहत विभिन्न क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइटिंग एवं विद्युत स्तंभ स्थापना के कार्य स्वीकृत किए गए थे। इनमें चांदनी चौक से घुटरापारा रोड, पीजी कॉलेज वॉकिंग ट्रैक, महेश्वर मंदिर नवापारा से मुक्तिपारा अटल आवास मार्ग, गांधी स्टेडियम, गांधीनगर बेरियर से मुक्तिपारा मार्ग, सरगवां पुष्प वाटिका, साईं मंदिर से मनेन्द्रगढ़ रोड तथा शंकर घाट मोड़ से प्रतापपुर मुख्य मार्ग तक के कार्य शामिल हैं। इन कार्यों पर करोड़ों रुपये की राशि स्वीकृत की गई, जिनमें से छह कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि दो कार्य प्रगति पर हैं।

इस अवसर पर महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि महापौर परिषद के गठन को एक वर्ष पूर्ण होने पर शहर के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि  ‘हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे ’ के संकल्प के साथ ट्रिपल इंजन की सरकार अंबिकापुर के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। शहर के प्रमुख मार्गों के साथ-साथ आउटर वार्डों में भी स्ट्रीट लाइटिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

विद्युत विभाग के प्रभारी सदस्य मनीष सिंह ने सभी कार्यों की स्वीकृति के लिए महापौर एवं राज्य शासन का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में अन्य सडक़ों पर भी स्ट्रीट लाइटिंग कार्य करने की बात कही।

एमआईसी सदस्य एवं वार्ड क्रमांक 23 के पार्षद जितेंद्र सोनी ने बताया कि घुटरापारा रोड आउटर क्षेत्र होने के कारण यहां रोशनी की व्यवस्था से नागरिकों को काफी राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि नवरात्रि के पूर्व इस कार्य के पूर्ण होने से महामाया मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा मिलेगी।कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, निगम अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।


अन्य पोस्ट