सरगुजा

लंबित राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर जोर
17-Mar-2026 10:40 PM
लंबित राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर जोर

अंबिकापुर, 17 मार्च। कलेक्टर अजीत वसंत की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति, जनदर्शन, जन शिकायत और पीजी पोर्टल की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग आगामी टीएल बैठक तक सीएम जनदर्शन एवं पीजी पोर्टल के लंबित मामलों को शून्य स्तर पर लाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित फील्ड विजिट कर योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का आकलन करें। सप्ताह में कम से कम दो दिन अनिवार्य रूप से स्थल निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने आश्रम-छात्रावासों में अटैच शिक्षकों को मूल विद्यालयों में वापस भेजने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी विद्यालय एकल या द्विशिक्षकीय न रहे। साथ ही अनुपस्थित शिक्षकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने और विभागीय जांच सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में विशेष पिछड़ी जनजाति  के विद्यार्थियों के नामांकन पर भी जोर दिया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कक्षा पांचवीं और आठवीं के बाद सभी बच्चों का छठवीं और नवमीं कक्षा में प्रवेश सुनिश्चित किया जाए तथा स्कूल छोडऩे की स्थिति में अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें प्रेरित किया जाए। आगामी 21 से 23 मार्च तक आयोजित होने वाले सरगुजा ओलम्पिक के संभाग स्तरीय आयोजन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने खिलाडिय़ों के आवास, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा, स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक के बाद राजस्व अधिकारियों की अलग से समीक्षा बैठक लेकर लंबित प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि एसडीएम स्तर पर एक वर्ष और तहसीलदार स्तर पर छह माह से अधिक पुराने प्रकरण लंबित न रहें तथा समय सीमा से बाहर के मामलों का 15 दिनों में निराकरण किया जाए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुनील नायक, राम सिंह ठाकुर, नगर निगम आयुक्त डीएन कश्यप सहित सभी एसडीएम और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट