सरगुजा

सरगुजा में अचानक बदला मौसमव्उ, दयपुर में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि
16-Mar-2026 7:54 PM
सरगुजा में अचानक बदला मौसमव्उ, दयपुर में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर/उदयपुर, 16 मार्च। सरगुजा जिले में सोमवार की शाम अचानक मौसम ने करवट ले ली। आसमान में घने काले बादल छा गए और गरज-चमक के साथ कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो गई। वहीं उदयपुर क्षेत्र में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। अचानक बदले मौसम के कारण लोगों को पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से राहत मिली है।

सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में भी शाम करीब 4 बजे अचानक अंधेरा सा छा गया। इसके कुछ ही देर बाद बादलों की तेज गर्जना के साथ हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और वातावरण ठंडा व खुशनुमा हो गया। शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश होने की खबरें सामने आई हैं।

जानकारी के अनुसार शाम लगभग सवा चार बजे के बाद मौसम ने अचानक रुख बदला और जिले के कई हिस्सों में बारिश शुरू हो गई। उदयपुर क्षेत्र में कुछ समय के लिए ओले भी गिरे, जिससे लोगों में कौतूहल का माहौल रहा। लंबे समय से पड़ रही तेज गर्मी के बीच अचानक हुई बारिश और ठंडी हवाओं से आमजन ने राहत की सांस ली।

हालांकि ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। विशेषकर सब्जी, दलहनी और अन्य फसलों पर ओलों का असर पड़ सकता है। किसान अब फसलों की स्थिति को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।

मौसम विभाग ने भी जिले के कुछ अन्य हिस्सों में अगले कुछ घंटों के दौरान बारिश होने की संभावना जताई है।

विभाग ने लोगों को मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। अचानक आए इस बदलाव से जहां एक ओर गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों की निगाहें अब मौसम की आगे की स्थिति पर टिकी हुई हैं।


अन्य पोस्ट