सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उदयपुर, 16 मार्च। उदयपुर थाना क्षेत्र में दोस्ती को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपने ही दोस्त की हत्या कर उसका शव कीचड़ से भरी डबरी में फेंक दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डबरी का पानी खाली कराकर शव को बाहर निकाला।
मिली जानकारी के अनुसार घटना बीती रात की बताई जा रही है। मृतक की पहचान शीतल निवासी हनुमानगढ़, थाना उदयपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक ने अपने दोस्त शीतल की हत्या करने के बाद शव को पोतका गांव के पास स्थित कीचड़ से भरी डबरी में फेंक दिया था।
घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी शिशिर कांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव की तलाश शुरू की। शव को बाहर निकालने के लिए डबरी का पानी खाली कराया गया, जिसके बाद शव को बरामद कर आगे की कार्रवाई की गई।
पुलिस ने हत्या के आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रारंभिक पूछताछ के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।