सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 15 मार्च। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर धान उठाव और परिवहन करने के मामले में पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इससे पहले ही घटना में प्रयुक्त ट्रक को जब्त कर लिया था, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार खाद्य निरीक्षक सतपाल सिंह कंवर ने थाना लखनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वाहन क्रमांक सीजी 07 बीएस 0366 की नंबर प्लेट का उपयोग कर दो अलग-अलग स्थानों पर वाहन संचालित किए जा रहे हैं। राज्य स्तरीय इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से प्राप्त अलर्ट के बाद जिला खाद्य अधिकारी के निर्देश पर धान खरीदी केंद्र जमगला में जांच की गई।
जांच के दौरान उक्त वाहन को 6 फरवरी को थाना लखनपुर परिसर में लाकर पुलिस अभिरक्षा में रखा गया। बताया गया कि यह वाहन धान खरीदी केंद्र जमगला से धान उठाव के लिए परिवहन कार्य में लगाया गया था। मौके पर चालक राम मानिकपुरी द्वारा वाहन के कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अंबिकापुर की जांच में सामने आया कि वाहन फर्जी तरीके से सीजी 07 बीएस 0366 की नंबर प्लेट लगाकर चलाया जा रहा था। थाना परिसर में खड़े वाहन की जांच के दौरान दो अलग-अलग चेसिस नंबर पाए गए। ऑनलाइन जांच में एक चेसिस नंबर पर कोई वाहन पंजीकृत नहीं मिला, जबकि दूसरे चेसिस नंबर पर वाहन क्रमांक सीजी/15/डीजे/9799 पंजीकृत पाया गया। इससे स्पष्ट हुआ कि ट्रक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर अवैध रूप से संचालन किया जा रहा था।
मामले में पुलिस ने ट्रक चालक राम मानिकपुरी अंबिकापुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी ने पूछताछ में घटना को स्वीकार किया है, वहीं वाहन स्वामी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।