सरगुजा

गांजा संग नाबालिग पकड़ाया, तीन साथी फरार
14-Mar-2026 10:13 PM
गांजा संग नाबालिग पकड़ाया,  तीन साथी फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 14 मार्च। सरगुजा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 14 किलोग्राम गांजा के साथ एक नाबालिग को पकड़ा है। पुलिस ने उसके कब्जे से गांजा, मोबाइल और स्कॉर्पियो वाहन सहित लगभग 12 लाख 80 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है। वहीं मामले में शामिल अन्य तीन आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बासबाड़ी रोड अंबिकापुर में एक काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन (क्रमांक सीजी 30 एफ 8689) में कुछ संदिग्ध युवक अवैध गांजा रखकर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही वाहन में सवार चार युवक स्कॉर्पियो से उतरकर बासबाड़ी का घेरा फांदते हुए जंगल की ओर भाग गए। पुलिस ने पीछा किया, लेकिन तीन आरोपी झाडिय़ों का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को मौके पर पकड़ लिया गया।

वाहन की तलाशी लेने पर स्कॉर्पियो के पीछे सीटों के बीच रखे एक प्लास्टिक बोरे से 14 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है। पूछताछ में बालक ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर लैलूंगा से गांजा खरीदकर अंबिकापुर लाता था और यहां पुडिय़ा बनाकर बिक्री करने की योजना थी।

पुलिस ने बालक के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन, मोबाइल और गांजा सहित कुल लगभग 12 लाख 80 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है। मामले में कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 173/26 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।

यह कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह, सूरज राय तथा आरक्षक लालबाबू सिंह, अमरेश दास, जगेश्वर तिर्की, मंटू गुप्ता और शिव राजवाड़े की टीम ने की।


अन्य पोस्ट