सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सीतापुर, 14 मार्च। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत देशभर के किसानों को बड़ी सौगात देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के गुवाहाटी से 22वीं किस्त की राशि किसानों के बैंक खातों में हस्तांतरित की। इस अवसर पर सरगुजा जिले के कृषि विज्ञान केंद्र, मैनपाट (चलता) में भी कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को योजना की जानकारी दी गई और प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण दिखाया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य शिवभरोस बेक उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा सरगुजा के जिलाध्यक्ष अनिल निराला उरांव तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत की सरपंच किरण भगत ने की।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र मैनपाट के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. राजेश चौकसे, वैज्ञानिक प्रदीप लकड़ा, डॉ. चंद्रमणि साहू, अनुविभागीय अधिकारी कृषि अनिता एक्का, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी लिली मॉरिस बखला, उद्यानिकी महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं, मैदानी अधिकारी तथा बड़ी संख्या में कृषक बंधु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष अनिल निराला उरांव ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों के हित में लगातार योजनाएं चला रही है। इन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचे, इसके लिए विभागों को समय-समय पर कार्यशालाओं का आयोजन करना चाहिए ताकि किसानों को योजनाओं की सही जानकारी मिल सके।
कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने योजना के प्रति सरकार के प्रयासों की सराहना की।


