सरगुजा

एनएसएस शिविर में तंबाकू के दुष्प्रभाव व उपभोक्ता अधिकारों की दी जानकारी
13-Mar-2026 9:59 PM
एनएसएस शिविर में तंबाकू के दुष्प्रभाव व उपभोक्ता अधिकारों की दी जानकारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 13 मार्च। शासकीय पॉलिटेक्निक अंबिकापुर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा ग्राम महावीरपुर में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन स्वयंसेवकों एवं ग्रामवासियों के लिए बौद्धिक सत्र का आयोजन किया गया। इस दौरान तंबाकू के दुष्प्रभाव तथा उपभोक्ता जागरूकता विषय पर विशेषज्ञों द्वारा महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

प्रथम सत्र में तंबाकू के दुष्प्रभाव विषय पर व्याख्यान डॉ. शैलेश गुप्ता, जिला नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम सरगुजा द्वारा दिया गया। उन्होंने तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि नशा नाश का कारण बनता है और तंबाकू के सेवन से कई गंभीर बीमारियाँ, विशेष रूप से कैंसर, होने का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने युवाओं से तंबाकू से दूर रहने तथा समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाने की अपील की।

द्वितीय सत्र में उपभोक्ता जागरूकता विषय पर व्याख्यान अर्चना सिन्हा सदस्य उपभोक्ता फोरम आयोग द्वारा दिया गया। उन्होंने स्वयंसेवकों एवं ग्रामवासियों को उपभोक्ताओं के अधिकारों के बारे में जानकारी दी। साथ ही उपभोक्ता आयोग में शिकायत अथवा केस फाइल करने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं शिकायत दर्ज कराने के तरीकों के बारे में भी विस्तार से बताया।

कार्यक्रम का संचालन अमित कुमार बघेल, कार्यक्रम अधिकारी, राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के स्टाफ सदस्य, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक तथा ग्रामवासी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट