सरगुजा
कर्मियों पर लगाए आरोप, अफसरों की समझाइश के बाद मामला शांत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर,12 मार्च। प्रदेश सरकार द्वारा त्योहारों के मद्देनजर किसानों के खातों में धान खरीदी बोनस की राशि जमा किए जाने के बाद बैंकों में पैसा निकालने के लिए किसानों की लंबी कतार लग रही है। वहीं बैंक में स्टाफ की कमी और नगदी की कमी के कारण किसानों को समय पर पैसा नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मामला सरगुजा जिले के लखनपुर स्थित जिला सहकारी बैंक शाखा का है, जहां पिछले दो दिनों से बैंक में नगदी की कमी बताकर किसानों को केवल 10 हजार रुपये तक ही भुगतान किया जा रहा था। कई किसानों को यह राशि भी नहीं मिल पा रही थी। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे बैंक में पैसा नहीं होने और सीमित राशि देने की बात से नाराज किसानों ने आक्रोशित होकर लखनपुर थाने का घेराव कर दिया और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर बैंक से पर्याप्त पैसा दिलाने की मांग की।
सूचना मिलते ही तहसीलदार अंकिता पटेल थाना प्रभारी के साथ जिला सहकारी बैंक पहुंचीं और बैंक अधिकारियों से चर्चा कर स्थिति को समझाया। अधिकारियों की समझाइश के बाद किसी तरह मामला शांत हुआ।
इस दौरान बैंक परिसर में वीडियो बना रहे एक युवक का मोबाइल छीनकर उसे लखनपुर थाने में बैठाए जाने की भी जानकारी सामने आई है, जिसे लेकर क्षेत्र के किसानों में नाराजगी देखी जा रही है।
किसानों का आरोप है कि उनके खातों में 50 हजार से लेकर 5 लाख रुपये तक की राशि जमा है, लेकिन जब वे बैंक से पैसा निकालने पहुंचते हैं तो कर्मचारियों द्वारा यह कहकर छोटा-छोटा निकासी फॉर्म भरवाया जाता है कि बैंक में पर्याप्त पैसा नहीं है। कई बार ऐसा भी होता है कि जब तक किसानों का नंबर आता है, तब तक बैंक का पैसा खत्म हो जाता है और उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है।
किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग कर्मचारियों को 500 रुपये देकर अंदर पहुंच जाते हैं, जिनका 49 हजार रुपये तक का आहरण कर दिया जाता है, जबकि अन्य किसानों को घंटों लाइन में लगने के बाद भी पैसा नहीं मिल पाता।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कई किसानों के घरों में शादी, बीमारी और कृषि कार्य के लिए तत्काल पैसे की जरूरत है, लेकिन बैंक से पैसा नहीं मिलने के कारण उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है।
नाराज किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों के भीतर बैंक के माध्यम से उन्हें उनका पूरा पैसा उपलब्ध नहीं कराया गया तो वे सडक़ पर उतरकर चक्का जाम कर उग्र आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन और बैंक प्रबंधन की होगी। लखनपुर थाने में ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान मौजूद रहे।


