सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 12 मार्च। छत्तीसगढ़ में अवैध अफीम की खेती के मामले को लेकर प्रदेश की राजनीति गर्म हो गई है। दुर्ग क्षेत्र में अफीम की खेती के खुलासे के बाद अब बलरामपुर जिले में भी अवैध अफीम की फसल मिलने से विपक्ष ने राज्य सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। इसी मुद्दे को लेकर गुरुवार को सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंबिकापुर स्थित भाजपा कार्यालय संकल्प भवन का घेराव किया और जोरदार प्रदर्शन किया।
कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। भाजपा कार्यालय के सामने भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भाजपा कार्यालय तक पहुंचने से रोकने के लिए बैरिकेड्स लगाए गए थे। इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के साथ पूर्व मंत्री प्रेमसाय सिंह और पूर्व मंत्री अमरजीत भगत भी मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर के माध्यम से महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के संरक्षण में सूखे नशे का अवैध कारोबार तेजी से बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि दुर्ग क्षेत्र में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार द्वारा लंबे समय से अफीम की खेती किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वहीं बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र में भी हाल ही में अफीम की अवैध खेती पकड़ी गई है, जो आम नागरिकों की जागरूकता के कारण उजागर हो सकी।
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि पिछले 13 महीनों के दौरान प्रदेश में नारकोटिक्स से जुड़े 2599 मामले दर्ज किए गए हैं, जो कि चिंताजनक स्थिति को दर्शाता है। उनका आरोप है कि प्रदेश के नाबालिग और युवाओं की बड़ी संख्या नशे की गिरफ्त में आ रही है, लेकिन सरकार इस पर प्रभावी रोक लगाने में असफल साबित हो रही है।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार का अघोषित संरक्षण नशे के कारोबार को मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में विधानसभा में प्रस्तुत ड्रग पैडलरों की सूची में कई नाम गायब थे, जिससे सरकार की मंशा पर सवाल खड़े होते हैं।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार अपनी प्रशासनिक विफलताओं को छिपाने के लिए प्रदेश में जगह-जगह शराब की दुकानें खोल रही है, जबकि नशे के बढ़ते कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो प्रदेश की युवा पीढ़ी गंभीर संकट में पड़ सकती है।
कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल से मांग की है कि प्रदेश सरकार को निर्देश दिया जाए कि नशे के अवैध कारोबार को संरक्षण देना बंद किया जाए और इस पर रोक लगाने के लिए ठोस और कड़े कदम उठाए जाएं। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।