सरगुजा

अनोखी सोच संस्था ने निर्धन कन्या की कराई शादी, धूमधाम से संपन्न हुआ समारोह
12-Mar-2026 11:19 PM
अनोखी सोच संस्था ने निर्धन कन्या की कराई शादी, धूमधाम से संपन्न हुआ समारोह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,12 मार्च। समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय अनोखी सोच सेवा संस्था ने एक बार फिर मानवता और सहयोग की मिसाल पेश करते हुए एक निर्धन कन्या का विवाह पूरे विधि-विधान और सम्मान के साथ संपन्न कराया। संस्था द्वारा बिहार के औरंगाबाद जिला निवासी आशा कुमारी पासी का विवाह सूरजपुर निवासी धीरज पासी के साथ साँड़बार वन देवी मंदिर परिसर में कराया गया।

बताया गया कि आशा कुमारी का परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है और उनके पिता का देहांत हो चुका है। आर्थिक तंगी के कारण परिवार बेटी का विवाह कराने में असमर्थ था। ऐसे में परिवार ने अनोखी सोच सेवा संस्था से संपर्क कर सहायता की गुहार लगाई। स्थिति को देखते हुए संस्था के अध्यक्ष सूर्य प्रकाश साहू ने विवाह की पूरी जिम्मेदारी लेने का भरोसा दिलाया।

संस्था के सदस्यों ने विवाह की सभी तैयारियाँ कराते हुए पूरे धार्मिक रीति-रिवाज के साथ विवाह संपन्न कराया। समारोह में जलपान और प्रीतिभोज की व्यवस्था भी संस्था द्वारा की गई। इसके अलावा नवविवाहित जोड़े को गृहस्थी की शुरुआत के लिए बर्तन, कपड़े, अलमारी और कूलर सहित आवश्यक घरेलू सामग्री भेंट की गई।

कार्यक्रम में नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, समाजसेवी वंदना दत्ता, पार्षद किरण साहू, ममता तिवारी सहित शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और नवदंपती को आशीर्वाद दिया। संस्था के संरक्षक राजेश मलिक, अध्यक्ष सूर्य प्रकाश साहू सहित कई सदस्य भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट