सरगुजा

नमनाकला में पानी टंकी का भूमिपूजन
12-Mar-2026 11:16 PM
नमनाकला में पानी टंकी का भूमिपूजन

1.33 करोड़ से होगा निर्माण

अंबिकापुर, 12 मार्च। नगर पालिक निगम अंबिकापुर के वार्ड क्रमांक 14 नमनाकला में 7.5 लाख लीटर क्षमता की उच्च स्तरीय जलागार (पानी टंकी) निर्माण कार्य का भूमि पूजन गुरुवार को नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी तथा एमआईसी सदस्यगण के कर कमलों से किया गया। इसके साथ ही निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत कर दी गई।

जानकारी के अनुसार अधोसंरचना मद के अंतर्गत इस जलागार निर्माण के लिए 92.74 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। वहीं टंकी में पानी भरने के लिए राइजिंग मेन पाइपलाइन के विस्तारीकरण हेतु मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत 41.23 लाख रुपये की राशि भी स्वीकृत की गई है, जिसका कार्यादेश जारी किया जा चुका है। टंकी निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद नगर निगम के जल संकटग्रस्त वार्ड 12, 13, 14 और 47 के नागरिकों को पेयजल आपूर्ति में बड़ी राहत मिलेगी।

इस अवसर पर नगर निगम के जल प्रदाय विभाग के प्रभारी सदस्य जितेंद्र सोनी ने कहा कि नमनाकला सहित आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से जल संकट की समस्या बनी हुई थी। इस समस्या से महापौर मंजूषा भगत को अवगत कराया गया था। विधायक एवं छत्तीसगढ़ सरकार के कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल तथा महापौर के प्रयासों से राज्य शासन द्वारा जलागार और राइजिंग मेन पाइपलाइन के लिए बड़ी राशि स्वीकृत की गई है, जिससे क्षेत्र में जल संकट का स्थायी समाधान होगा।

वार्ड क्रमांक 14 की पार्षद एवं एमआईसी सदस्य अनीता रविंद्र गुप्त भारती ने कहा कि नमनाकला वार्ड में छोटी टंकी होने के कारण पर्याप्त जल आपूर्ति नहीं हो पाती थी, विशेषकर गर्मियों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। बढ़ती जनसंख्या और वार्डों के विस्तार को देखते हुए आगामी 25 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर उच्च क्षमता की टंकी निर्माण की योजना बनाई गई है। उन्होंने बताया कि महापौर, सभापति, जल प्रदाय विभाग के प्रभारी सदस्य तथा पार्षदों के प्रयास से नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव द्वारा इस निर्माण कार्य के लिए राशि स्वीकृत की गई है।

कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य ममता तिवारी, श्वेता गुप्ता, प्रियंका गुप्ता, पार्षद मनोज गुप्ता, किरण दीपक सिंह तोमर, अनिल तिवारी, आकाश गुप्ता, संतोष दास, अभिषेक शर्मा, अवधेश सोनकर, विकास गुप्ता, जल विभाग के प्रभारी प्रशांत खुल्लर, अभियंता सतीश रवि सहित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, ठेकेदार एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट