सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,11 मार्च। गांधीनगर थाना क्षेत्र के अजीरमा बंगाली पारा में बीती रात एक सूने मकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने घर का पिछला दरवाजा तोडक़र अलमारी में रखी नगदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना में करीब 6 लाख रुपए की चोरी होने का अनुमान लगाया जा रहा है। सूचना मिलते ही गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अजीरमा बंगाली पारा निवासी विक्की हालदार अपने परिवार के साथ पास स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में पूजा-पाठ के लिए गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके सूने मकान को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि चोर घर के पीछे वाले दरवाजे को तोडक़र अंदर घुसे और सीधे उस कमरे में पहुंचे जहां अलमारी रखी हुई थी। इसके बाद उन्होंने अलमारी का ताला तोडक़र उसमें रखी नगदी और जेवरात निकाल लिए।
परिजनों के अनुसार अलमारी में मंदिर की दान पेटी से संबंधित करीब 3 लाख 80 हजार रुपए रखे हुए थे। इसके अलावा घर के करीब ढाई लाख रुपए नगद और एक मंगलसूत्र भी रखा हुआ था। चोर इन सभी सामानों को लेकर फरार हो गए। घटना के बाद जब परिवार के लोग देर रात करीब 3 बजे घर वापस लौटे तो उन्हें दरवाजा टूटा हुआ मिला और अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था। इसके बाद चोरी की घटना का पता चला।
घटना की सूचना तत्काल गांधीनगर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को आशंका है कि चोरी की इस वारदात को किसी नशेड़ी प्रवृत्ति के व्यक्ति ने अंजाम दिया हो सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुभाष नगर स्थित अंग्रेजी शराब दुकान इस इलाके के काफी नजदीक है। इसके कारण कई लोग शराब खरीदने के बाद आसपास के खाली मैदानों में बैठकर शराब का सेवन करते हैं। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि किसी नशेड़ी ने घर को सूना देखकर इस वारदात को अंजाम दिया होगा।
मकान मालिक विक्की हालदार ने बताया कि वे परिवार के साथ मंदिर में पूजा के लिए गए थे। इसी दौरान चोरों ने घर में घुसकर अलमारी तोड़ दी और नगदी व जेवर लेकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि चोरी की कुल रकम लगभग 6 लाख रुपए के आसपास हो सकती है।
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि करीब दो वर्ष पहले भी मंदिर से लगभग 2 लाख रुपए की चोरी हुई थी, जिसका आज तक खुलासा नहीं हो पाया है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।
फिलहाल गांधीनगर पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही संदिग्धों की तलाश में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।


