सरगुजा

मनमाने शुल्क वृद्धि के खिलाफ एनएसयूआई का प्रदर्शन
11-Mar-2026 9:47 PM
मनमाने शुल्क वृद्धि के खिलाफ एनएसयूआई का प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,11 मार्च। छात्र हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने बुधवार को संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। विश्वविद्यालय अध्यक्ष सुरेन्द्र गुप्ता के नेतृत्व में एनएसयूआई पदाधिकारियों ने कुलसचिव को ज्ञापन सौंपकर मनमाने शुल्क वृद्धि के निर्णयों को वापस लेने की मांग की।

एनएसयूआई के सुरेन्द्र गुप्ता, हिमांशु जायसवाल और आशीष जायसवाल के संयुक्त नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है, जो छात्र हितों के खिलाफ है।

ज्ञापन में बताया गया कि विश्वविद्यालय द्वारा बिना पूर्व सूचना के विलंब शुल्क (लेट फीस) में एक तिहाई बढ़ोतरी करते हुए इसे 500 रुपये कर दिया गया है, जिसका संगठन ने विरोध करते हुए इसे तत्काल कम करने की मांग की है। इसके साथ ही छात्रों की व्यक्तिगत जानकारी, विषय सुधार या अनुपस्थिति जैसी त्रुटियों में सुधार के लिए 120 रुपये शुल्क लागू किए जाने का भी विरोध किया गया। एनएसयूआई का कहना है कि पहले इस तरह के सुधार के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता था।

संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षा फॉर्म अग्रेषित करने के नाम पर प्रत्येक छात्र से 120 रुपये एक्टिविटी फीस के रूप में अतिरिक्त शुल्क लिया जा रहा है, जबकि पूर्व वर्षों में यह शुल्क सामान्य परीक्षा फीस में ही शामिल रहता था।

इसके अलावा विश्वविद्यालय पोर्टल निर्माण, रेगुलर एवं प्राइवेट पीजी छात्रों के लिए वार्षिक सिलेबस जारी करने और बैक लगे रेगुलर छात्रों की मूल अंकसूची महाविद्यालयों तक समय पर पहुंचाने सहित अन्य मांगें भी ज्ञापन में शामिल की गई हैं।

एनएसयूआई नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन ने जल्द ही इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो संगठन छात्रों के हित में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।


अन्य पोस्ट