सरगुजा
अम्बिकापुर, 11 मार्च। शहर के खेलप्रेमियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की मांग पर संवेदनशील रुख अपनाते हुए सरगुजा संभाग के आईजी दीपक कुमार झा ने पुलिस लाइन मैदान में प्रस्तावित पुलिस विभाग के आवासीय परिसर निर्माण की योजना को अन्य स्थान पर स्थानांतरित कर दिया है। इससे मैदान का अस्तित्व फिलहाल सुरक्षित हो गया है।
करीब एक माह पूर्व पुलिस लाइन मैदान के उत्तरी हिस्से में विभाग के आवासीय भवन निर्माण के लिए भूमिपूजन किया गया था। इस निर्णय से मैदान के अस्तित्व पर संकट की स्थिति बन गई थी। अम्बिकापुर शहर के उत्तरी क्षेत्र के लगभग 10 वार्डों के लिए यह मैदान एकमात्र प्रमुख खेल मैदान है, जहां स्थानीय खिलाड़ी और युवा नियमित रूप से अभ्यास करते हैं।
भूमिपूजन के बाद क्षेत्र के खेलप्रेमी युवाओं और नागरिकों ने कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रजनीश सिंह के नेतृत्व में सरगुजा आईजी से मुलाकात कर मैदान को सुरक्षित रखने की मांग की थी।
इस संबंध में पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने भी आईजी से चर्चा की थी। मांग और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए आईजी दीपक कुमार झा ने आवासीय परिसर के निर्माण स्थल को बदलने का निर्णय लिया है। इस निर्णय से पुलिस लाइन मैदान को सुरक्षित रखने का रास्ता साफ हो गया है। आईजी के इस मानवीय और संवेदनशील फैसले की शहर के नागरिकों और खेलप्रेमियों ने सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया है।


