सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर,11 मार्च। जनजाति सुरक्षा मंच द्वारा आगामी दिल्ली महारैली की तैयारियों को लेकर सामुदायिक भवन लखनपुर में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाज के सक्रिय साथियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यशाला में दिल्ली में आयोजित होने वाली महारैली को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
कार्यशाला में प्रांत सह संयोजक इंदर भगत ने कहा कि जनजाति समाज से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए समाज की एकजुटता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब समाज संगठित होकर अपनी बात रखता है, तब उसकी आवाज को अनदेखा नहीं किया जा सकता। इसी उद्देश्य से दिल्ली में विशाल महारैली आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर से जनजाति समाज के लोग शामिल होंगे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे समाज के हर वर्ग तक पहुंचें और उन्हें इस अभियान से जोड़ें। उन्होंने कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज की जागरूकता और अधिकारों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी के साथ इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
इस अवसर पर जिला संयोजक बिहारीलाल उरांव ने कहा कि लखनपुर क्षेत्र में दिल्ली महारैली को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। गांव-गांव में संपर्क कर लोगों को महारैली के उद्देश्य से अवगत कराया जा रहा है और बड़ी संख्या में लोगों का पंजीयन भी किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि क्षेत्र से भारी संख्या में लोग दिल्ली पहुंचकर इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाएंगे।
कार्यशाला में आगामी दिनों में जनसंपर्क अभियान को और तेज करने, पंजीयन कार्य को गति देने तथा दिल्ली जाने की व्यवस्थाओं को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर दिल्ली महारैली को सफल बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में उपेंद्र सिंह पैकरा, राजेश कुमार सिंह, सुखसाय पोर्टे, सत्यनारायण, बिंदेश्वरी लाल पैंकरा, सुरेंद्र, कामेश्वर, यतेन्द्र, डॉ रवि, नरेंद्र, लालजीत पैंकरा, सुखसागर सिंह, अनूप सिंह, विपिन सिंह, सौरभ सिंह, संग्राम सिंह, विजय कुमार सिंह, महेश्वर, चेतन राम, निर्मल मरावी, हकीम सिंह, ज्ञान कुमार, प्रभुनारायण सिंह, बुच्चू राम, धीरज कुमार, दिलू राम, राहुल, विनाकी, प्रवीण कुमार, जमुना प्रसाद, आंगन साय, कृष्णा यादव उपस्थित रहे।


