सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सीतापुर, 11 मार्च। सहकारी बैंक में भुगतान नहीं मिलने से नाराज़ किसानों ने बुधवार को कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर चक्काजाम कर दिया। अचानक हुए जाम के कारण कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा।
बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों से सीतापुर सहकारी बैंक में किसानों को भुगतान नहीं मिल रहा था, जिससे नाराज़ किसानों ने सडक़ पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और एनएच-43 पर चक्का जाम कर दिया।
किसानों के प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा सरगुजा के जिलाध्यक्ष अनिल निराला उरांव, विधायक प्रतिनिधि श्रवण दास, भाजपा मंडल अध्यक्ष त्रिलोचन सदावर्ती और वरिष्ठ नेता सुनील गुप्ता मौके पर पहुंचे। वहीं एसडीएम रामसिंह ठाकुर और पुलिस प्रशासन की टीम भी जाम स्थल पर मौजूद रही।
मौके पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। समझाइश के बाद किसानों ने कुछ ही देर में चक्काजाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद यातायात फिर से सामान्य हो गया। किसानों की मुख्य मांग है कि सीतापुर सहकारी समिति की सीमा (लिमिट) कम से कम तीन करोड़ रुपये की जाए, ताकि किसानों को समय पर भुगतान मिल सके और उन्हें बार-बार परेशानियों का सामना न करना पड़े।
इस संबंध में भाजपा किसान मोर्चा सरगुजा के जिलाध्यक्ष अनिल निराला उरांव ने कहा कि वे इस मुद्दे को लेकर जल्द ही सरकार से पत्राचार करेंगे और समिति की लिमिट बढ़ाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि वे जल्द ही सीतापुर, बतौली, मैनपाट, लुंड्रा, लखनपुर और उदयपुर ब्लॉक का दौरा कर किसानों की स्थिति का जायजा भी लिया।


