सरगुजा

नई दिल्ली में ओबीसी महिला कांग्रेस का राष्ट्रीय सम्मेलन, सरगुजा की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी
11-Mar-2026 12:35 PM
नई दिल्ली में ओबीसी महिला कांग्रेस का राष्ट्रीय सम्मेलन, सरगुजा की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 10 मार्च। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के इंदिरा भवन स्थित ऑडिटोरियम में 9 मार्च को ओबीसी महिला कांग्रेस का राष्ट्रीय महिला सम्मेलन उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आई महिलाओं ने भाग लेकर महिला नेतृत्व और सामाजिक न्याय को मजबूत करने का संकल्प लिया।

सम्मेलन में छत्तीसगढ़ और सरगुजा संभाग से भी बड़ी संख्या में महिलाओं ने भागीदारी की। इनका नेतृत्व ओबीसी कांग्रेस की राष्ट्रीय समन्वयक लक्ष्मी गुप्ता ने किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ और सरगुजा से आई महिलाओं का परिचय ओबीसी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जय हिन्द से कराया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ की परंपरा के अनुसार ओबीसी का गमछा ओढ़ाकर उनका स्वागत किया गया।

सम्मेलन के आयोजन में प्रमुख भूमिका निभाने वाली सुहासिनी यादव ने छत्तीसगढ़ और सरगुजा संभाग से आई महिलाओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि दूरदराज से बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति यह दर्शाती है कि छत्तीसगढ़ की महिलाएं सामाजिक न्याय की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं।

कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की उपस्थिति ने सम्मेलन को और प्रेरणादायक बना दिया। अपने संबोधन में उन्होंने महिला सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय और पिछड़े वर्ग के अधिकारों को लेकर पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान उन्होंने प्रोटोकॉल से हटकर महिलाओं के बीच जाकर उनसे संवाद भी किया।

सम्मेलन के अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने लक्ष्मी गुप्ता द्वारा ओबीसी समाज के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत करने और सामाजिक न्याय की आवाज को आगे बढ़ाने में उनका योगदान सराहनीय है। आयोजकों के अनुसार यह सम्मेलन महिला नेतृत्व को सशक्त करने और सामाजिक न्याय की विचारधारा को नई ऊर्जा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।


अन्य पोस्ट