सरगुजा

अरगोती गांव में अधूरा सामुदायिक शौचालय, ग्रामीण खुले में शौच को मजबूर
11-Mar-2026 12:30 PM
अरगोती गांव में अधूरा सामुदायिक शौचालय, ग्रामीण खुले में शौच को मजबूर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 10 मार्च। स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे स्वच्छ भारत मिशन की जमीनी हकीकत सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड के सुदूर वनांचल ग्राम अरगोती में सवालों के घेरे में है। यहां गांव को कागजों में ओडीएफ घोषित कर दिया गया, जबकि वास्तविकता यह है कि बड़ी संख्या में ग्रामीण आज भी खुले में शौच जाने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों के अनुसार गांव में कई परिवारों के घरों में अभी तक शौचालय का निर्माण नहीं हुआ है। ऐसे में लोगों को खेत और जंगलों में शौच के लिए जाना पड़ता है। खासकर महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है और जंगलों में जंगली जानवरों का भी खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार पंचायत और संबंधित अधिकारियों से शौचालय निर्माण की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई।

गांव में पंचायत की ओर से स्कूल परिसर में दो सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कराया गया था, लेकिन दोनों ही अधूरे पड़े हैं। एक शौचालय में केवल दो सीट और दरवाजा लगाकर निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया है, जबकि दूसरे का सिर्फ भवन बनाकर कार्य रोक दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि अधूरा निर्माण कर राशि का आहरण कर लिया गया, जिससे सामुदायिक शौचालय भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है।

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि सामुदायिक शौचालयों का निर्माण आबादी क्षेत्र में होना चाहिए था, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका उपयोग कर सकें। स्कूल परिसर में बने इन अधूरे शौचालयों का किसी को लाभ नहीं मिल पा रहा है।

मामले को लेकर अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। इस संबंध में जनपद पंचायत लखनपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रकाश सिंह ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने बताया कि जांच के लिए टीम गठित कर सूक्ष्म जांच कराई जाएगी और जांच प्रतिवेदन अग्रिम कार्रवाई के लिए जिला कार्यालय भेजा जाएगा।


अन्य पोस्ट