सरगुजा
जिला कांग्रेस ने दरिमा एयरपोर्ट निदेशक को सौंपा ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 9 मार्च। सरगुजा जिले से रायपुर, रांची और वाराणसी के लिए नियमित वायुसेवा शुरू करने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मां महामाया एयरपोर्ट दरिमा के निदेशक को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने इन तीनों शहरों के लिए जल्द नियमित विमान सेवा शुरू कराने की मांग की।
कांग्रेस महामंत्री आलोक सिंह के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने एयरपोर्ट निदेशक से चर्चा करते हुए कहा कि रायपुर, रांची और वाराणसी प्रशासनिक कार्य, स्वास्थ्य सेवाओं, सांस्कृतिक गतिविधियों और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर हैं। अंबिकापुर और सरगुजा क्षेत्र से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इन शहरों की यात्रा करते हैं, लेकिन वर्तमान में यहां से सीधी और तेज रेल सेवा उपलब्ध नहीं है।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वाराणसी और रांची के लिए भविष्य में भी रेलमार्ग की कोई ठोस संभावना नहीं दिखती, जबकि हवाई यात्रा के लिए दरिमा एयरपोर्ट पर आवश्यक आधारभूत सुविधाएं पहले से मौजूद हैं। ऐसे में नियमित विमान सेवा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी सुविधा मिल सकती है।
आलोक सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने आम लोगों को भी हवाई सेवा उपलब्ध कराने का वादा किया था। सरगुजा जिले की जनता को उम्मीद है कि यह वादा केवल घोषणा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे धरातल पर भी उतारा जाएगा।
एयरपोर्ट निदेशक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को उच्च अधिकारियों तक भेजकर इस दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी। इस दौरान रजनीश सिंह, उत्तम राजवाड़े, नीतीश चौरसिया, विकल झा, हिमांशु जायसवाल, आशीष जायसवाल, सुरेंद्र गुप्ता, अंकित जायसवाल, ऋषभ जायसवाल, जयपाल, रवि, उमाशंकर,उपस्थित रहे।


