सरगुजा

नालियों पर कब्जा और खुले में मांस विक्रय से जनस्वास्थ्य पर मंडरा रहा खतरा-कैलाश
03-Mar-2026 2:33 PM
नालियों पर कब्जा और खुले में मांस विक्रय से जनस्वास्थ्य पर मंडरा रहा खतरा-कैलाश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 3 मार्च। अंबिकापुर शहर के वार्ड क्रमांक 40 एवं आसपास के वार्डों में व्याप्त गंदगी, अवैध अतिक्रमण, दूषित जल आपूर्ति और जनस्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया है। भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के पूर्व जिला संयोजक कैलाश मिश्रा ने कलेक्टर सरगुजा को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया है कि वार्ड में कई स्थानों पर अवैध रूप से मुर्गा एवं मटन की दुकानें संचालित हो रही हैं, जहां खुले में पशु वध और रक्त बहाव के कारण संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। साथ ही सडक़ों पर अतिक्रमण कर मार्ग संकरा कर दिया गया है, जिससे यातायात बाधित हो रहा है और आपातकालीन सेवाओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

नालियों के ऊपर स्थायी एवं अस्थायी निर्माण कर दिए जाने से जल निकासी व्यवस्था चरमरा गई है और गंदा पानी सडक़ों पर फैल रहा है। ज्ञापन में विशेष रूप से हरसागर तालाब सहित अन्य जलस्रोतों के किनारे अवैध निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि इससे जलस्रोतों का प्राकृतिक स्वरूप और जल गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।

क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई के अभाव में कचरा एवं निर्माण मलबा जगह-जगह जमा है, जिससे दुर्गंध और प्रदूषण फैल रहा है। इन परिस्थितियों के कारण पीलिया, डायरिया जैसे जलजनित एवं संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका भी जताई गई है।

ज्ञापन में मांग की गई है कि अवैध दुकानों और अतिक्रमण पर तत्काल कार्रवाई की जाए, नालियों और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, जलस्रोतों के किनारे हुए कब्जे हटाए जाएं तथा दूषित जल की समस्या के समाधान के लिए पाइपलाइन और जल गुणवत्ता की जांच कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जाएं।

 

प्रशासन से आम नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई की अपेक्षा की गई है।


अन्य पोस्ट