सरगुजा

होली पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
03-Mar-2026 2:27 PM
होली पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

 500 जवान तैनात, हुड़दंगियों पर रहेगी कड़ी नजर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 3 मार्च। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए सरगुजा पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। जिला मुख्यालय अंबिकापुर में होली बुधवार को मनाई जाएगी। पर्व के मद्देनजर 8 राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में 75 निरीक्षक, उपनिरीक्षक व सहायक उपनिरीक्षक सहित 500 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की तैनाती की गई है।

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिलेभर में 67 फिक्स पिकेट, 28 पेट्रोलिंग पार्टियां, 7 बाइक पेट्रोलिंग टीम, महिला गश्ती दल तथा रिजर्व बल को सक्रिय रखा गया है। प्रमुख जलाशयों पर भी विशेष पुलिस बल तैनात रहेगा।

यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती

होली के दौरान ट्रिपल राइडिंग, नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। चौक-चौराहों पर ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जाएगी। साथ ही बिना अनुमति डीजे साउंड सिस्टम लगाने एवं विवादित गीत-संगीत बजाने पर वैधानिक कार्रवाई करते हुए डीजे जब्त किए जाएंगे।

बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए ध्वनि प्रदूषण पर विशेष नियंत्रण रखा जाएगा। दुर्घटनाओं की स्थिति में घायलों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के लिए थाना-चौकी प्रभारियों को जिला अस्पताल से समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

आमजन पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9479193599 एवं डायल 112 के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकते हैं। शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

सरगुजा पुलिस ने विस्तृत एडवाइजरी जारी कर नागरिकों से शांतिपूर्ण ढंग से होली मनाने की अपील की है। जबरन रंग न लगाने, ज्वलनशील पदार्थों का उपयोग न करने, मुखौटा न पहनने, हेलमेट का अनिवार्य उपयोग करने और गति सीमा का पालन करने की सलाह दी गई है। हुड़दंगबाजी करने वाले असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

 

भ्रामक मुखौटों पर संयुक्त कार्रवाई

होली के मद्देनजर पुलिस एवं नगर निगम की संयुक्त टीम ने अंबिकापुर में दुकानों की सघन जांच की।

इस दौरान भ्रामक, भय उत्पन्न करने वाले एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका वाले करीब 2000 से 2500 मुखौटे जब्त किए गए। दुकानदारों को ऐसी सामग्री का विक्रय न करने की सख्त हिदायत दी गई है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सामाजिक सौहार्द, शांति व्यवस्था एवं जनभावनाओं को प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरगुजा पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सुरक्षा एवं सेवा के लिए पुलिस सदैव तत्पर है।


अन्य पोस्ट