सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 28 फरवरी। शहर के नमनाकला क्षेत्र में दूषित पेयजल सप्लाई के कारण जलजनित बीमारियों के फैलने की शिकायतों के बीच कांग्रेस के नेताओं ने प्रभावित मोहल्लों का दौरा कर हालात का जायजा लिया।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंहदेव, पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की एवं निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने खटीकपारा और झंझटपारा में घर-घर जाकर लोगों से चर्चा की।
दौरे के बाद श्री सिंहदेव ने बताया कि क्षेत्र के लगभग प्रत्येक घर में एक या एक से अधिक सदस्य पीलिया, टायफाइड और डायरिया जैसी बीमारियों से ग्रसित पाए गए। उन्होंने कहा कि घरों में उपलब्ध चिकित्सकीय पर्चियों से जलजनित रोगों की पुष्टि होती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दो मौतों की चर्चा के बाद बीते दो-तीन दिनों में पेयजल की गुणवत्ता में कुछ सुधार हुआ है।
उन्होंने यह भी कहा कि नावापारा स्वास्थ्य केंद्र एवं मेडिकल कॉलेज में आवश्यक जांच सुविधाओं के अभाव में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को निजी लैब और अस्पतालों में महंगा इलाज कराना पड़ रहा है, जिससे हजारों रुपये खर्च हो रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि प्रभावित क्षेत्र में शीघ्र मेडिकल शिविर लगाकर नि:शुल्क जांच और उपचार की व्यवस्था की जाए।
पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की ने कहा कि बीमार लोगों की पर्चियों के अवलोकन से स्पष्ट है कि अधिकांश मामले जलजनित हैं। उन्होंने निगम प्रशासन को सलाह दी कि तथ्यों को नकारने के बजाय समन्वय से कार्य कर नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि पूर्व में नावागढ़, मोमिनपुरा और पर्राडांड क्षेत्रों से भी दूषित पेयजल की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। उनके अनुसार, शहर के बड़े हिस्से में पेयजल गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न है, जिसकी निष्पक्ष जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित की जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर कांग्रेस आमजन के स्वास्थ्य के मुद्दे पर आंदोलन करेगी।
दौरे के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धंजल, आलोक सिंह, प्रमोद चौधरी, तीरथ चौधरी, चंद्रप्रकाश सिंह, अमित सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।