सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 28 फरवरी। सरगुजा पुलिस में पदस्थ उप निरीक्षक प्रेम सागर खुटिया, भदर साय, सहदेव राम बर्मन तथा प्रधान आरक्षक इमील टोप्पो के अर्धवार्षिकी आयु पूर्ण होने पर सेवानिवृत्त होने के अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में सम्मान समारोह आयोजित कर भावभीनी विदाई दी गई।
समारोह को संबोधित करते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारियों ने अपने सेवाकाल में ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ दायित्वों का निर्वहन करते हुए संवेदनशील पुलिसिंग में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं उनके परिजनों को स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दीं तथा पुलिस परिवार के कल्याण हेतु हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त उप निरीक्षकों एवं प्रधान आरक्षक को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही मौके पर ही सभी आवश्यक कार्यालयीन औपचारिकताएं पूर्ण कर पी.पी.ओ. आदेश भी प्रदान किए गए।
विदाई समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, निरीक्षक अंजू चेलक, उप निरीक्षक (एम) अभय सिंह सहित समस्त कार्यालयीन स्टाफ एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों के परिजन उपस्थित रहे।
समारोह का वातावरण भावुक रहा और सभी ने सेवानिवृत्त अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।