सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 28 फरवरी। के आर टेक्निकल कॉलेज में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस ‘विज्ञान में महिलाएं’ थीम के साथ उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में पोस्टर प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय एवं रचनात्मक सहभागिता प्रदान की। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रितेश वर्मा के निर्देशन में तथा साइंस क्लब की समन्वयक आशामुनि दास और भरोस राम के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता में एम.एससी. रसायन शास्त्र की छात्राएं अनामिका तिग्गा, गीता, नैन्सी, कौशल्या एवं वैष्णवी गुप्ता; एम.एससी. जंतुविज्ञान के आस्था चक्र, पूनम सिंह, वैशाली, सांत्वना, अभिषेक, परमीत, अविनाश, ऋचा, विभा एवं काजल; एम.एससी. वनस्पतिशास्त्र के भागवत दिवाकर, विनीता खलखो, साक्षी सिंह, अमीषा सिंह, हेमंत साहू, ज्योति ग्रेस खेस्स एवं विक्रांत पटेल; बी.ए. चतुर्थ सेमेस्टर के मोहम्मद निजामुद्दीन अंसारी; बी.एससी. गणित चतुर्थ सेमेस्टर की ओनिका राही तथा बी.बी.ए. द्वितीय सेमेस्टर की ईशा सरकार ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए पोस्टरों में विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं के योगदान, उनकी उपलब्धियों, संघर्षों एवं प्रेरणादायक जीवन प्रसंगों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
प्रदर्शनी के दौरान महाविद्यालय शासी निकाय के उपाध्यक्ष राहुल जैन एवं प्राचार्य डॉ. रितेश वर्मा ने सभी पोस्टरों का अवलोकन एवं मूल्यांकन किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों से पोस्टर के पीछे की उनकी सोच, विषय चयन की प्रेरणा एवं समाज के प्रति उनके संदेश के बारे में भी विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम के अंत में प्रत्येक कक्षा से उत्कृष्ट पोस्टर का चयन कर संबंधित विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। महाविद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों की रचनात्मक अभिव्यक्ति एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण की सराहना करते हुए यह संदेश दिया कि विज्ञान में महिलाओं की भागीदारी समाज की प्रगति एवं नवाचार के लिए अत्यंत आवश्यक है। यह आयोजन राष्ट्रीय विज्ञान दिवस को ज्ञान, प्रेरणा और जागरूकता का सशक्त मंच बनाने में सफल रहा।