सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 28 फरवरी। होली पर्व के मद्देनजर अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत संभागीय आबकारी उडऩदस्ता सरगुजा टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने थाना रघुनाथपुर क्षेत्र अंतर्गत उचडीह-मोहनपुर मार्ग पर गश्त के दौरान एक युवक को 4 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 फरवरी को गश्त के दौरान टीम ने तेज रफ्तार से जा रही एक बाइक को ओवरटेक कर रोका। बाइक पर सवार दो व्यक्तियों में से पीछे बैठा युवक मौके से फरार हो गया, जबकि चालक को पकड़ लिया गया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम आशीष पटेल, निवासी कोट चौकी रघुनाथपुर, थाना लुंड्रा बताया।
आरोपी के कब्जे से पीठ पर टंगे पि_ू बैग की तलाशी लेने पर एक-एक किलो के चार पैकेट गांजा बरामद किए गए। मौके पर तौल करने पर कुल वजन 4 किलोग्राम पाया गया। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे विशेष न्यायालय अंबिकापुर में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि होली के अवसर पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की आशंका को देखते हुए टीम लगातार सक्रिय है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।