सरगुजा
अम्बिकापुर, 28 फरवरी। पशु चिकित्सा विभाग, अम्बिकापुर में शासकीय राशि के गबन का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में थाना सिटी कोतवाली अम्बिकापुर में एफआईआर दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है।
उप संचालक डॉ. आर.पी. शुक्ला द्वारा प्रस्तुत आवेदन एवं विभागीय जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर सहायक ग्रेड-02 एवं प्रभारी लेखा शाखा प्रदीप कुमार अम्बष्ट के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 409 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। जानकारी के अनुसार कार्यालयीन अभिलेखों की जांच के दौरान वित्तीय अनियमितताओं की आशंका सामने आने पर पांच सदस्यीय जांच समिति गठित की गई थी। समिति द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन में विभिन्न विभागीय योजनाओं तथा जिला पशु रोगी कल्याण समिति से संबंधित कुल 1,07,84,340 रुपये की राशि शासकीय बैंक खातों में जमा नहीं किए जाने की पुष्टि की गई है।
जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित कर्मचारी द्वारा स्वयं निर्मित पदमुद्रा का उपयोग कर सीजीटीसी/एमपीटीसी की रसीदें जारी की गईं और प्राप्त राशि को शासकीय खातों में जमा नहीं कराया गया। बैंक स्टेटमेंट के परीक्षण में उक्त राशि का कोई उल्लेख नहीं मिला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध दर्ज कर विस्तृत विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।