सरगुजा

गांजा के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार
27-Feb-2026 11:06 PM
गांजा के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 27 फरवरी।  पुलिस ने गांजा तस्करी के एक मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4 किलोग्राम गांजा, एक आई-20 कार और छह मोबाइल सहित कुल लगभग 4 लाख 86 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।

नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर के नेतृत्व में साइबर सेल एवं चौकी रघुनाथपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस को 26 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की आई-20 कार (क्रमांक सीजी/10/एएल/8571) में तीन व्यक्ति लैलूंगा की ओर से गांजा लेकर आ रहे हैं और ग्राम गंगापुर में मुरारी लाल चौबे को बिक्री करने की योजना है।

सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम गंगापुर मेन रोड एनएच-43 के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। कार के पास चार व्यक्ति सामान का लेन-देन करते मिले। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम हेमसागर यादव, खीरो यादव , भूपेंद्र यादव और मुरारी लाल चौबे बताए।

वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की से 2 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जबकि मुरारी लाल चौबे के बैग से 2 किलोग्राम गांजा मिला। पुलिस ने मौके से कुल 4 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 36 हजार रुपये), एक आई-20 कार (कीमत लगभग 4 लाख रुपये) और 6 मोबाइल फोन (कीमत लगभग 50 हजार रुपये) जब्त किए।

पूछताछ में आरोपियों ने गांजा लैलूंगा से लाकर गंगापुर में बिक्री करने की योजना स्वीकार की। मामले में चौकी रघुनाथपुर, थाना लुंड्रा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।


अन्य पोस्ट