सरगुजा

लैपटॉप चोरी का आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार
27-Feb-2026 11:04 PM
 लैपटॉप चोरी का आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 27 फरवरी। सरगुजा जिले की थाना गांधीनगर पुलिस ने लैपटॉप चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया लैपटॉप एवं बैग बरामद कर लिया है। आरोपी पूर्व में भी इस प्रकार की घटनाओं में संलिप्त रहा है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ने 25 फरवरी को थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 24 फरवरी को रायपुर से अंबिकापुर आ रही ट्रेन में उसकी पहचान एक अज्ञात युवक से हुई थी। अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद वह युवक के साथ प्रतीक्षालय में बैठी थी। इसी दौरान वह अपना बैग युवक को देखने के लिए कहकर वाशरूम चली गई। लौटने पर उसका बैग और उक्त युवक दोनों वहां से गायब थे।

बैग में ज़ेब्रॉनिक्स कंपनी का लैपटॉप, चश्मा एवं कपड़े सहित अन्य सामान रखा हुआ था। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में धारा 331(2), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रार्थिया एवं गवाहों के बयान दर्ज किए। संदेह के आधार पर पुलिस ने शुभम महावर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने अपना पता मध्यप्रदेश, हाल मुकाम  दुर्ग बताया।

पूछताछ में आरोपी ने लैपटॉप चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से प्रार्थिया का चोरी किया गया बैग एवं लैपटॉप बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी इसी प्रकार की वारदात को अंजाम दे चुका है। प्रकरण में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।


अन्य पोस्ट