सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 27 फरवरी। प्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व महासचिव एवं नगर निगम के पूर्व पार्षद दीपक मिश्रा ने गुदरी चौक में हुई मारपीट की घटना को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हमर छत्तीसगढ़ अब अपराधगढ़ बन गया है, जहां भाजपा के नेता और कार्यकर्ता खुलेआम कानून का मजाक उड़ा रहे हैं।
दीपक मिश्रा ने बयान जारी कर कहा कि गुदरी चौक की घटना सरगुजा के इतिहास को कलंकित करने वाली है। उनका आरोप है कि भाजपा से जुड़े नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा पत्रकारों और डॉक्टरों के साथ मारपीट की गई, जो अत्यंत निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रदेश में पत्रकार और डॉक्टर सुरक्षित नहीं हैं, वहां आम जनता की सुरक्षा भगवान भरोसे है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में मारपीट की घटना हुई और पुलिस मूकदर्शक बनी रही। यह स्थिति लोकतंत्र और कानून व्यवस्था दोनों के लिए चिंताजनक है। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता इस प्रकार की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेगी।
दीपक मिश्रा ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष से मांग की है कि घटना में शामिल सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को तत्काल पार्टी से निष्कासित किया जाए। साथ ही पुलिस अधीक्षक से भी मांग की कि घटना के दौरान ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके विरुद्ध भी आवश्यक कार्रवाई की जाए।


