सरगुजा

संत हरकेवल तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए 34 लाख मंजूर, वार्ड में बनेगा आकर्षक पर्यटन स्थल
27-Feb-2026 11:03 PM
संत हरकेवल तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए 34 लाख मंजूर, वार्ड में बनेगा आकर्षक पर्यटन स्थल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 27 फरवरी। शहर के माता राजमोहिनी देवी वार्ड स्थित ऐतिहासिक संत हरकेवल तालाब के दिन अब बदलने वाले हैं। शासन द्वारा तालाब के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य के लिए 34 लाख 19 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। लंबे समय से उपेक्षित इस तालाब को अब आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा।

इस स्वीकृति के पीछे वार्ड पार्षद मनोज गुप्ता के सतत प्रयासों को प्रमुख कारण माना जा रहा है। पार्षद गुप्ता ने तालाब की दुर्दशा को देखते हुए न केवल स्वयं सफाई अभियान चलाया, बल्कि स्थानीय नागरिकों को भी इससे जोड़ा। गत वर्ष चले इस अभियान के बाद पहली बार तालाब में छठ पूजन का आयोजन हुआ, जिसे वार्डवासियों ने ऐतिहासिक क्षण बताया।

पार्षद मनोज गुप्ता ने बताया कि तालाब लंबे समय से गंदगी और कचरे से अटा हुआ था। उन्होंने कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल की अनुशंसा के साथ शासन को मांग पत्र प्रस्तुत कर स्वीकृति सुनिश्चित कराई। उनके अनुसार स्वीकृत राशि से तालाब के चारों ओर आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था, मध्य में फव्वारा स्थापना, सुरक्षित घेराबंदी तथा घाट निर्माण कराया जाएगा। इससे धार्मिक आयोजनों में सुविधा मिलेगी और स्वच्छता भी बनी रहेगी।

वार्डवासियों का कहना है कि तालाब के विकसित होने से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि यह क्षेत्र एक छोटे पर्यटन स्थल के रूप में भी विकसित हो सकेगा। युवाओं में विशेष उत्साह है, क्योंकि यहां पार्क जैसी सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

स्थानीय नागरिकों ने पार्षद के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शीघ्र ही कार्य प्रारंभ होकर तालाब को नया और आकर्षक स्वरूप मिलेगा।


अन्य पोस्ट