सरगुजा

ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी वुडबॉल में सरगुजा का दमदार प्रदर्शन, मिक्स डबल में सिल्वर मेडल
27-Feb-2026 11:02 PM
ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी वुडबॉल में सरगुजा का दमदार प्रदर्शन, मिक्स डबल में सिल्वर मेडल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 27 फरवरी। ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी वुडबॉल प्रतियोगिता 2025-26 में सरगुजा जिला वुडबॉल संघ के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। भोपाल में आयोजित इस प्रतियोगिता में संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा की ओर से खेलते हुए संदीप सिन्हा और साक्षी कुमारी ने मिक्स डबल (स्ट्रोक इवेंट) में सिल्वर मेडल अपने नाम किया।

राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों खिलाडिय़ों ने उत्कृष्ट समन्वय और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए रजत पदक हासिल किया। उन्होंने कहा कि विगत कई वर्षों से सरगुजा के खिलाड़ी वुडबॉल प्रतियोगिताओं में लगातार पदक जीत रहे हैं, जो नियमित प्रशिक्षण और खिलाडिय़ों की मेहनत का परिणाम है। दोनों खिलाड़ी के.आर. टेक्निकल कॉलेज में अध्ययनरत हैं।

प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग से प्रीतम जायसवाल, प्रियांशु कुशवाहा, दीपक, निखिल गुप्ता एवं निशांत भगत तथा महिला वर्ग से अंजिल प्रीति टोप्पो, स्नेहा जायसवाल, श्रीजल जायसवाल, मोनालिसा तिग्गा एवं उर्मिला एक्का ने भी बेहतर प्रदर्शन किया।

वहीं निर्णायक की महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर सरगुजा के राष्ट्रीय रेफरी रजत सिंह एवं आकाश दुबे को सफल संचालन के लिए सम्मानित किया गया।

विजेता खिलाडिय़ों को सरगुजा जिला वुडबॉल संघ, प्रदेश संघ तथा विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय परिवार की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई हैं।


अन्य पोस्ट