सरगुजा

छत्तीसगढ़ बजट सरगुजा के गरीब, युवा, किसान और महिलाओं से छल- बालकृष्ण पाठक
24-Feb-2026 9:58 PM
छत्तीसगढ़ बजट सरगुजा के गरीब, युवा, किसान और महिलाओं से छल- बालकृष्ण पाठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 24 फरवरी। जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने छत्तीसगढ़ सरकार के बजट 2026-27 पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे  ‘संकल्प रूपी जुमला ’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट में सरगुजा संभाग के गरीब, युवा, अन्नदाता और महिलाओं के साथ छल किया गया है।

पाठक ने कहा कि सरगुजा की जनता ने भाजपा को 14 सीटों पर जीत दिलाई, लेकिन बजट में इस क्षेत्र को उद्योग, रोजगार, स्वरोजगार, सिंचाई, सडक़, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कोई नई बड़ी सौगात नहीं मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने सरगुजा के विकास को पूरी तरह नजरअंदाज किया है।

उन्होंने मनरेगा के स्थान पर लाई गई जी-राम-जी योजना को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इस योजना के लिए राज्य सरकार ने मात्र 4000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। केंद्र सरकार के योगदान को मिलाकर कुल राशि 10 हजार करोड़ रुपये होती है, जबकि प्रदेश में 85 लाख मजदूरों को 125 दिन का काम देने के लिए 26 हजार करोड़ रुपये की आवश्यकता होगी। इससे स्पष्ट है कि यह योजना श्रमिकों के साथ बड़ा धोखा है।

बालकृष्ण पाठक ने महतारी वंदन योजना के बजट में कटौती पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जहां पिछले वर्ष इस योजना पर 14 हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए थे, वहीं इस बार बजट में मात्र 8200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने आशंका जताई कि सरकार इस योजना से लाखों महिलाओं को बाहर करने की किसी छिपी योजना पर काम कर रही है और सरकार को इस पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

कांग्रेस नेता ने कहा कि यह बजट सरगुजा के विकास की उम्मीदों को तोडऩे वाला है और जनहित की बजाय राजनीतिक दिखावा साबित हो रहा है।


अन्य पोस्ट