सरगुजा

प्रेम प्रसंग में युवक ने दी जान
23-Feb-2026 11:33 PM
प्रेम प्रसंग में युवक ने दी जान

अंबिकापुर, 23 फरवरी। खेती-किसानी करने वाले ग्रामीण परिवार में उस समय मातम छा गया, जब एक युवक ने कथित रूप से कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। मिशन अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार गणेश कुमार गांधीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कुल्हाड़ी का निवासी था। परिजनों के अनुसार 15 फरवरी की शाम करीब 6 बजे वह गांव में मजदूरी का काम कर घर लौटा था। खाना खाने के लिए पूछने पर उसने बाद में खाने की बात कही और कुछ देर के लिए फिर बाहर चला गया। करीब डेढ़ घंटे बाद वापस लौटा तो उसने खाना खाने से मना कर दिया। रात में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और खून की उल्टी होने लगी। पूछताछ में उसने दवा पीने की बात स्वीकार की।

परिजन उसे तत्काल मिशन अस्पताल, अंबिकापुर लेकर पहुंचे, जहां एसआईसीयू वार्ड में उसका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

युवक ने अस्पताल में बताया था कि प्रेम संबंध में विवाद के कारण उसने यह कदम उठाया। कल्याणपुर क्षेत्र की एक युवती के साथ उसका प्रेम प्रसंग था, जिससे मन मुटाव हो जाने की बात भी उसने बताई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट