सरगुजा
अंबिकापुर, 23 फरवरी। थाना दरिमा पुलिस टीम ने झपटमारी के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से मोबाइल भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी बुचन राम नागेसिया निवासी मोहनपुर पटेलपारा थाना दरिमा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 दिसंबर 2025 को वह अपने ससुराल पहाड़परा से 10 हजार रुपये नगद एवं मोबाइल अपने थैले में रखकर पैदल घर लौट रहा था। शाम करीब 4 बजे महेशपुर जंगल के पास तीन युवक स्कूटी से पहुंचे और उसके हाथ में रखे थैले को झपटकर फरार हो गए। मामले में थाना दरिमा में धारा 304(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी।
इस मामले में पुलिस ने पूर्व में दो आरोपियों नागेश्वर पैकरा उर्फ डोडू एवं खुशबू यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था, जबकि एक आरोपी फरार था। पुलिस के सतत प्रयास से फरार आरोपी मनीष उर्फ पतों उर्फ लक्ष्मण यादव निवासी वंदना यादवपारा थाना सीतापुर को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उसके कब्जे से वीवो कंपनी का मोबाइल जब्त किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।


