सरगुजा

अवैध हथियार बेचने की कोशिश, नाबालिग सहित तीन आरोपी गिरफ्तार
23-Feb-2026 11:32 PM
अवैध हथियार बेचने की कोशिश, नाबालिग सहित तीन आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 23 फरवरी। कोतवाली पुलिस ने अवैध हथियार बिक्री के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाबालिगसमेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त स्कूटी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार 22 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि केनापारा बांध मानस मेन्स पार्लर के पास कुछ युवक अवैध देशी कट्टा और कारतूस बेचने की फिराक में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना कोतवाली पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की। मौके पर स्कूटी से तीन युवक पकड़े गए।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम पियूष दुबे निवासी बौरीपारा अंबिकापुर, आकाश दास अंबिकापुर तथा एक विधि से संघर्षरत बालक बताया। तलाशी के दौरान पियूष दुबे के पास से एक देशी कट्टा, आकाश दास के पास से एक जिंदा कारतूस और विधि से संघर्षरत बालक के पास से स्कूटी (क्रमांक जेएच-01-ईएन-5073) बरामद की गई।

आरोपियों से हथियार और कारतूस के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। इस पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 117/26 धारा 25, 27 आम्र्स एक्ट एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।


अन्य पोस्ट