सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 22 फरवरी। अंबिकापुर-अनूपपुर रेलखंड पर शनिवार देर रात एक युवक जबलपुर-अंबिकापुर एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया। घटना सूरजपुर स्टेशन से पहले बसदेई रेलवे फाटक के पास किलोमीटर 1004/2 पर हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक कथित रूप से आत्महत्या के उद्देश्य से पटरी पर लेट गया था। युवक को पटरी पर लेटा देख ट्रेन चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक ट्रेन के चार-पांच डिब्बे उसके ऊपर से गुजर चुके थे। युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पटरी पर कराहता मिला।
घटना की सूचना चालक ने वॉकी-टॉकी के माध्यम से ट्रेन गार्ड और सूरजपुर स्टेशन प्रबंधक को दी। स्टेशन प्रबंधक ने तत्काल आरपीएफ और स्थानीय पुलिस को अवगत कराया। घायल युवक को उसी ट्रेन से सूरजपुर स्टेशन लाया गया, जहां से एंबुलेंस द्वारा जिला अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे देर रात मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए परिजन उसे रायपुर ले गए हैं।
घायल की पहचान सूरजपुर निवासी मयंक तिवारी के रूप में हुई है। घटना स्थल के पास उसकी स्कूटी खड़ी मिली है। बताया जा रहा है कि हादसे में युवक के दोनों पैर घुटनों के ऊपर से कट गए हैं। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
युवक ने किन कारणों से यह कदम उठाया, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
घटना से जबलपुर अंबिकापुर एक्सप्रेस ट्रेन करीब बीस मिनट विलम्ब से गंतव्य के लिए रवाना हुई।


