सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 22 फरवरी। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अमेरा खदान में अज्ञात चोरों द्वारा शॉर्ट सर्किट कर ट्रांसफार्मर जलाने और तांबा केबल चोरी करने का मामला सामने आया है। घटना से कंपनी को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लखनपुर पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी समे लाल धैर्य खिान प्रबंधक, अमेरा ओसीसी खदान, ने 22 फरवरी की रात लखनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि 20 और 21 फरवरी की दरमियानी रात करीब 1 बजे अज्ञात चोर खदान परिसर में घुस आए और बिजली आपूर्ति के लिए लगे ओवरहेड नग्न विद्युत तार में तार लपेटकर शॉर्ट सर्किट कर दिया।
शॉर्ट सर्किट के कारण खदान की विद्युत लाइन कट गई और 1.6 एमवीए क्षमता वाला ट्रांसफार्मर कॉइल सहित जल गया। इसके बाद चोरों ने लगभग 15 मीटर तांबे का केबल तार चोरी कर लिया, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई जा रही है।
ट्रांसफार्मर जल जाने से खदान के पंप और प्रकाश व्यवस्था बंद हो गई, जिससे उत्पादन और प्रेषण कार्य प्रभावित हुआ। ट्रांसफार्मर क्षति और कार्य बाधित होने से कंपनी को 5 से 7 लाख रुपये तक का नुकसान होने का अनुमान है।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर लखनपुर पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


