सरगुजा
लखनपुर, 22 फरवरी। लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत 23 वर्षीय युवती के साथ शादी का झांसा देकर रेप करने का मामला सामने आया है। पीडि़ता की शिकायत पर लखनपुर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीडि़ता और आरोपी युवक के बीच वर्ष 2018 से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वर्ष 2022 में आरोपी युवक ने युवती से शादी करने का आश्वासन देकर शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद आरोपी लगातार युवती से शारीरिक संबंध बनाता रहा।
पीडि़ता ने बताया कि 7 फरवरी को आरोपी ने अपने नए घर में उसके साथ अंतिम बार शारीरिक संबंध बनाया। जब युवती ने उससे शादी करने की बात कही तो आरोपी ने शादी करने से इंकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच सामाजिक बैठक भी हुई, लेकिन आरोपी के परिजनों ने शादी से साफ इंकार कर दिया। पीडि़ता ने 21 फरवरी को दोपहर लगभग 3.30 बजे लखनपुर थाने में आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


