सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 22 फरवरी। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संचालित आपातकालीन सेवा डायल-112 को और अधिक प्रभावी बनाने तथा नागरिकों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को रक्षित केंद्र अंबिकापुर स्थित सभाकक्ष में ईआरयू/ईआरव्ही में तैनात अधिकारियों, कर्मचारियों एवं वाहन चालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं डायल-112 के नोडल अधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आपातकालीन कॉल प्राप्त होते ही निर्धारित रिस्पांस टाइम के भीतर घटनास्थल पर पहुंचना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ईआरयू/ईआरव्ही स्टाफ अपने निर्धारित स्टॉपेज प्वाइंट पर सतत उपस्थित रहें, ड्यूटी के दौरान साफ-सुथरे गणवेश में रहें तथा किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन न करें।
बैठक में महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित मामलों में तत्काल रिस्पांस करने के विशेष निर्देश दिए गए। गंभीर घटनाओं की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी डीसीसी एवं सी-4 को देने तथा संबंधित थाना प्रभारी को सूचित कर नागरिकों की सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने डायल-112 कर्मियों की समस्याओं पर चर्चा कर उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए और आपातकालीन सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी। बैठक में डीसीसी प्रभारी, वाहन शाखा प्रभारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं जीवीके प्रतिनिधि सहित ईआरयू/ईआरव्ही में तैनात स्टाफ उपस्थित रहा।


